Harimurali: मलयालम फिल्म जगत से एक बेहद दुखद खबर आई है। लोकप्रिय बाल कलाकार हरिमुरली को उनके पय्यन्नूर स्थित घर में मृत पाया गया है। उनकी अचानक मौत की खबर ने पूरे फिल्म उद्योग और उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जो लोग 2000 के दशक की शुरुआत में मलयालम फिल्में देखते हुए बड़े हुए, उनके लिए हरिमुरली का चेहरा बचपन की यादों से जुड़ा है। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर पय्यन्नूर के Baby Memorial Hospital के शवगृह में रखा गया है।
कौन थे Harimurali?
हरिमुरली मलयालम सिनेमा के उन चुनिंदा बाल कलाकारों में से एक थे, जिन्होंने कम उम्र में अपनी अदाकारी से दर्शकों के दिल जीत लिए। मृत्यु के समय उनकी उम्र महज 27 साल थी। उन्होंने बाल कलाकार के रूप में करीब 50 फिल्मों में काम किया और अपने दौर के कई बड़े अभिनेताओं और निर्देशकों के साथ काम करने का मौका पाया। अभिनय के अलावा वो VFX कलाकार के रूप में भी काम करते थे, यानी परदे के पीछे की दुनिया में भी उनकी पकड़ थी।
कैसे हुई मौत?
स्थानीय मीडिया संस्थान मलयाला मनोरमा समेत कई रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने इसे संदिग्ध आत्महत्या बताया है। बताया जा रहा है, कि हरिमुरली को उनके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
वो फिल्में जो दिलों में हमेशा रहेंगी-
हरिमुरली की अदाकारी का जादू उनकी कई फिल्मों में देखने को मिला। रसिकन, अन्नन थम्पी, मदम्बी, उलकम चुट्टुम वलिबन, डॉन और पट्टनत्तिल भूतम जैसी फिल्मों में उनके किरदारों ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। 2015 में आई फिल्म अमर अकबर एंथनी में भी वो नजर आए थे, जिसमें पृथ्वीराज सुकुमारन ने अहम भूमिका निभाई थी। यह फिल्म दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई थी।
ये भी पढ़ें- UK07 Rider ने की Instagram Live पर आत्महत्या की कोशिश, वीडियो हुआ वायरल
एक सितारा जो बहुत जल्दी चला गया-
27 साल की उम्र में हरिमुरली का इस तरह जाना पूरे मलयालम फिल्म जगत के लिए एक बड़ा झटका है। जिस उम्र में कलाकार अपने करियर की नई ऊंचाइयां छूते हैं, उस उम्र में उनका यूं चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उनके चाहने वाले सोशल मीडिया पर अपना दुख जता रहे हैं और उनकी यादों को संजो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Live Concert में गाते-गाते अचानक क्यों रो पड़ीं Sunidhi Chauhan? कहा ये एंबेरिसिंग..
अगर आप या आपके कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं, तो iCall हेल्पलाइन 9152987821 पर संपर्क करें।



