The Kerala Story 2: फिल्म जगत में कभी-कभी ऐसे मोड़ आते हैं, जब कहानी परदे से पहले ही असल ज़िंदगी में शुरू हो जाती है। ‘द केरला स्टोरी 2’ के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। 27 फरवरी को रिलीज़ होने से ठीक एक दिन पहले केरल हाई कोर्ट ने इस फिल्म की रिलीज़ पर 15 दिनों का अंतरिम स्टे लगा दिया। यह फैसला फिल्म के निर्माताओं के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि प्रचार और वितरण में भारी निवेश के बाद अब कई जगहों पर एडवांस बुकिंग रद्द करनी पड़ सकती है।
कोर्ट ने क्यों लगाई रोक?
याचिकाकर्ताओं ने हाई कोर्ट में दलील दी, कि इस फिल्म का कंटेंट सांप्रदायिक तनाव भड़का सकता है और सार्वजनिक शांति को खतरे में डाल सकता है। कोर्ट ने इन दलीलों को गंभीरता से लेते हुए अंतरिम स्टे का आदेश दिया। हालांकि अदालत ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है, लेकिन यह ज़रूर कहा, कि फिल्म की बारीकी से जाँच के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं। स्टे की अवधि में इस मामले की विस्तृत सुनवाई होने की उम्मीद है।
CBFC को भी मिली कोर्ट की फटकार-
कोर्ट ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC को भी आड़े हाथों लिया। न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस ने CBFC को उसकी ज़िम्मेदारियों की याद दिलाते हुए कहा, कि केरल जैसे धर्मनिरपेक्ष क्षेत्र को इस तरह से दिखाना जिससे समाज में फूट पड़े, बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि केरल एक ऐसी जगह है, जहां लोग सौहार्द के साथ रहते हैं और इस छवि को तोड़-मरोड़ कर पेश करना गलत संदेश देता है। The Week की रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट ने CBFC को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को भी कहा है।
विवाद की जड़ कहां है?
यह विवाद 17 फरवरी को फिल्म का ट्रेलर आने के बाद शुरू हुआ। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने ट्रेलर को झूठा प्रचार और ज़हरीला करार दिया। इसके बाद हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की गई, जिसमें फिल्म पर गलत सूचना फैलाने और एक समुदाय को रूढ़िवादी तरीके से पेश करने का आरोप लगाया गया।
ये भी पढ़ें- 20 साल पहले कैसा दिखता था Salman Khan का गैलेक्सी अपार्टमेंट? वीडियो आया सामने
फिल्म के बारे में-
‘द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है और इसे विपुल अमृतलाल शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया है। इसमें उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह 2023 में आई ‘द केरला स्टोरी’ की अगली कड़ी है, जिसमें आदाह शर्मा ने मुख्य किरदार निभाया था। अब देखना यह होगा, कि अदालत की सुनवाई के बाद इस फिल्म का भविष्य क्या होता है, परदे पर या परदे के बाहर।
ये भी पढ़ें- Virat-Anushka का अलीबाग वाला घर, देखें ₹32 करोड़ का वो आशियाना जहां मिलता है असली सुकून



