NCRTC Loyalty Points Program
    Photo Source - Google

    NCRTC Loyalty Points Program: अब रोज़ का सफर सिर्फ थकान नहीं, बल्कि फायदे का सौदा भी बन सकता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम यानी NCRTC ने नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो के यात्रियों के लिए एक नया लॉयल्टी पॉइंट्स प्रोग्राम शुरू किया है। इस योजना का मकसद है, कि रोज़ाना सफर करने वाले लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन और भी सस्ता और सुविधाजनक हो जाए।

    कैसे मिलेंगे पॉइंट्स?

    यह प्रोग्राम आसान है, जब भी आप नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड यानी NCMC से या नमो भारत कनेक्ट मोबाइल ऐप पर डिजिटल QR टिकट से यात्रा करेंगे, तो हर एक रुपये के खर्च पर आपको एक लॉयल्टी पॉइंट मिलेगा। हर पॉइंट की कीमत 10 पैसे है। यानी जितना ज़्यादा सफर, उतने ज़्यादा पॉइंट्स और उतना ज़्यादा फायदा।

    300 पॉइंट्स पर मिलेगी मुफ्त यात्रा-

    जब आपके खाते में कम से कम 300 पॉइंट्स जमा हो जाएं, तो आप उन्हें नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों पर मुफ्त यात्रा के लिए भुना सकते हैं। एक बार में अधिकतम 5 यात्राएं रिडीम की जा सकती हैं और ये 7 दिनों के अंदर इस्तेमाल करनी होंगी। पॉइंट्स को नमो भारत कनेक्ट ऐप की “Booking Confirmation” स्क्रीन पर जाकर रिडीम किया जा सकता है। NCRTC ने यह भी स्पष्ट किया है, कि एक ही टिकट के लिए डिजिटल भुगतान और पॉइंट्स रिडेम्पशन दोनों एक साथ नहीं किए जा सकते यानी आंशिक भुगतान की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

    NCMC कार्ड धारक कहां से देखें पॉइंट्स?

    अगर आप NCMC कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो आप अपने जमा पॉइंट्स टिकट वेंडिंग मशीन, टिकट रीडर या टिकट काउंटर पर जाकर देख सकते हैं। यह प्रोग्राम डिजिटल भुगतान, कागज़रहित टिकटिंग और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अच्छा कदम है।

    क्या पॉइंट्स की कोई समय-सीमा है?

    हां, पॉइंट्स हमेशा के लिए नहीं रहते। NCRTC की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, जिस दिन पॉइंट कमाए जाएं उस तारीख से 12 महीने के भीतर उसी कैलेंडर वर्ष के अंत तक उन्हें इस्तेमाल करना ज़रूरी है, वरना वे समाप्त हो जाएंगे। इसके अलावा ये पॉइंट्स किसी दूसरे को नहीं दिए जा सकते, केवल वही यात्री इन्हें इस्तेमाल कर सकता है, जिसने इन्हें कमाया हो।

    ये भी पढ़ें- Dwarka Expressway पर बड़ी राहत! Bijwasan Toll Plaza पर बनेगा यू-टर्न फ्लाईओवर, जानिए पूरा प्लान

    मोबाइल नंबर है ज़रूरी-

    NCRTC ने यह भी बताया है, कि पॉइंट्स रिडीम करने के लिए यात्री का मोबाइल नंबर दर्ज होना अनिवार्य है। अगर पॉइंट्स ऐप पर ईमेल आईडी से कमाए गए हों, तब भी उन्हें रिडीम करते वक्त मोबाइल नंबर ही काम आएगा। यह छोटी-सी बात ध्यान में रखना ज़रूरी है, वरना आप अपने कमाए हुए पॉइंट्स से वंचित रह सकते हैं।

    ये भी पढ़ें- Highway पर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच लगातार 24 तक घंटे चली बहस, जानिए क्यों

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।