Claude Killed My Startup
    Symbolic Photo Source - Google

    Claude Killed My Startup: तकनीक की दुनिया में एक ऐसी खबर आई है, जिसने हर उस इंसान को सोचने पर मजबूर कर दिया है, जो आज कोई नया कारोबार शुरू करने का सपना देख रहा है। San Francisco की एक उद्यमी Ira Bodnar ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज सुबह उठी तो पता चला, Claude ने मेरा कारोबार खत्म कर दिया।” यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई और पूरी दुनिया में इस पर बहस छिड़ गई।

    दो महीने में बनाया, एक रात में टूट गया-

    Ira की कंपनी Ryze ने एक ऐसा AI agent बनाया था, जो खुद-ब-खुद Google और Meta के विज्ञापन खाते संभाल लेता था। ग्राहकों को बस बैठकर देखना होता था, बाकी सब काम Ryze करता था। सिर्फ दो महीनों में कंपनी ने सैकड़ों भुगतान करने वाले ग्राहक जोड़ लिए थे और सौदे पक्के करने की दर लगभग 70 फीसदी थी। कारोबार तेज़ी से आगे बढ़ रहा था। लेकिन जैसे ही Claude ने Meta के विज्ञापनों के लिए सीधी सुविधा शुरू की, Ryze की ज़रूरत ही खत्म हो गई और यह दर गिरकर महज 20 फीसदी रह गई।

    अब यहां टिके रहने का कोई मतलब नहीं-

    Ira ने माना, कि फिलहाल Claude अभी सीधे विज्ञापन खातों में बदलाव नहीं कर सकता और Google के विज्ञापनों की सुविधा भी अभी नहीं आई है। लेकिन उनका कहना है, कि यह बस कुछ महीनों की बात है। “जब यह सब हो जाएगा, तो हर विज्ञापनदाता बस इतना कहेगा, Claude, मेरे लिए एक करोड़ का विज्ञापन अभियान चलाओ, कोई गलती मत करना और बस, काम हो जाएगा।” उनके इस बयान ने साफ कर दिया, कि AI अब सिर्फ औज़ार नहीं रहा, वह असली काम करने वाला बन चुका है।

    जब बनाना आसान हो जाए-

    Ira ने सिर्फ अपनी तकलीफ नहीं बताई, बल्कि पूरी उद्यमी दुनिया को एक ज़रूरी चेतावनी भी दी। उनका कहना है, कि AI ने उत्पाद बनाना सस्ता और आसान कर दिया है, लेकिन अब असली मुकाबला अपनी बात सही लोगों तक पहुंचाने का है। “अब हर कोई उत्पाद बना रहा है, लेकिन लोगों का ध्यान खींचना पहले से कहीं ज़्यादा मुश्किल हो गया है।” उन्होंने यह भी कहा, कि सोशल मीडिया जल्द ही AI से बनी सामग्री से पट जाएगा और TikTok व Instagram जैसे मंचों पर करीब 98 फीसदी वीडियो नकली गतिविधि से आगे बढ़ाए जाएंगे।

    ये भी पढ़ें- बेंगलुरु के इंजीनियर ने बनाया AI रूममेट, नींद में पसीना आए तो पंखा चालू, ठंड लगे तो करता है बंद

    Ryze बंद नहीं हुई, बस नई राह पकड़ ली-

    इतनी मुसीबत के बावजूद Ira ने हार नहीं मानी। उन्होंने बताया, कि Ryze ने कुछ हफ्ते पहले ही यह आंधी आते देख ली थी और बड़ी विज्ञापन एजेंसियों के लिए जटिल स्वचालन प्रणाली बनाने की तरफ रुख कर लिया। कुछ ग्राहक तो मात्र चंद लोगों की टीम के साथ 600 से ज़्यादा विज्ञापन खाते चला रहे हैं। “हमारा काम ठीक रहेगा। हमें पता था यह होने वाला है और हमने समय रहते कदम उठा लिया।”

    ये भी पढ़ें- जानिए क्या है Sarvam AI? जो बिना इंटरनेट, की-पैड फोन पर चलेगा

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।