Disadvantages of Pomegranate: अनार एक ऐसा फल है, जिसे दुनियाभर में लोग बेहद पसंद करते हैं। इसका स्वाद तो लाजवाब होता ही है, साथ ही यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और दिल को स्वस्थ रखने वाले तत्वों से भरपूर यह फल हमारे माता-पिता की पहली पसंद रहता है। वे हमेशा कहते हैं कि जब भी मौका मिले, अनार जरूर खाओ। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह सुपरफूड हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता? कुछ लोगों के लिए अनार का सेवन फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है।
सर्जरी वाले मरीजों के लिए खतरा-
टाइम्सलाइफ की मानें तो अनुभवी डॉक्टरों के मुताबिक, अनार एनेस्थीसिया यानी बेहोशी की दवाओं के साथ इंटरैक्ट कर सकता है और खून के थक्के जमने की प्रक्रिया को भी प्रभावित करता है। इससे सर्जरी के दौरान जटिलताएं बढ़ सकती हैं और अत्यधिक ब्लीडिंग का खतरा रहता है। इसलिए ज्यादातर डॉक्टर मरीजों को सलाह देते हैं कि किसी भी सर्जरी से कम से कम दो हफ्ते पहले अनार का सेवन बंद कर दें। यह एक छोटी सी सावधानी बड़ी मुसीबत से बचा सकती है।
दवाइयां लेने वाले रहें सतर्क-
हमारे शरीर में CYP3A4 और CYP2C9 जैसे एंजाइम्स कई दवाइयों को मेटाबोलाइज करने में अहम भूमिका निभाते हैं। रिसर्च गेट में प्रकाशित एक शोध बताता है कि अनार का जूस इन एंजाइम्स की कार्यक्षमता को कम कर देता है। खासकर ACE inhibitors, beta-blockers, anticoagulants और statins जैसी दवाएं लेने वाले लोगों को अनार से परहेज करना चाहिए। दरअसल, अनार में मौजूद तत्व लिवर की दवा प्रोसेसिंग को धीमा कर देते हैं, जिससे दवाएं शरीर में ज्यादा समय तक रह जाती हैं। अगर आप किसी भी तरह की मेडिकेशन ले रहे हैं, तो अनार खाने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर सलाह लें।
लो ब्लड प्रेशर वालों के लिए मुसीबत-
अनार में प्राकृतिक रूप से एंटीऑक्सीडेंट्स और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं। ये तत्व हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मददगार होते हैं क्योंकि ये ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करते हैं। लेकिन जो लोग पहले से ही लो ब्लड प्रेशर या हाइपोटेंशन की समस्या से जूझ रहे हैं, उनके लिए अनार खतरनाक साबित हो सकता है। अधिक मात्रा में अनार खाने से उनका ब्लड प्रेशर और भी गिर सकता है, जिससे चक्कर आना, धुंधला दिखना, बेहोशी या गंभीर मामलों में शॉक भी हो सकता है।
पाचन समस्याओं से जूझ रहे लोग ध्यान दें-
हम सभी जानते हैं कि अनार में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है जो पाचन के लिए फायदेमंद है। लेकिन जिनका पेट संवेदनशील है, उनके लिए यह उल्टा असर कर सकता है। अनार में मौजूद टैनिन्स आंतों की परत में जलन पैदा कर सकते हैं। खासकर IBS यानी इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम से पीड़ित लोगों को थोड़ी सी मात्रा में अनार खाने से भी असहजता महसूस हो सकती है।
ये भी पढ़ें- 5 दिन में पीली Money Plant हो जाएगी हरी-भरी! अपनाएं राख और बेकिंग सोडा का ये नुस्खा
एलर्जी वाले रहें दूर-
कुछ लोगों को अनार से एलर्जी होती है, जो एक वास्तविक समस्या है। इसमें गले या चेहरे पर सूजन, त्वचा पर रैशेज, खुजली और गंभीर मामलों में सांस लेने में दिक्कत भी हो सकती है। यह अनार में मौजूद प्रोटीन के प्रति इम्यून सिस्टम की अतिसंवेदनशीलता के कारण होता है। अगर आपको कभी अनार खाने के बाद जलन, असहजता या त्वचा में जलन महसूस हुई हो, तो तुरंत इसका सेवन बंद करें और डॉक्टर से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें- Chanakya Niti: इन 8 लोगों की कभी न करें मदद!



