US Travel Ban: एक जनवरी 2026 से अमेरिका जाना कई देशों के नागरिकों के लिए और मुश्किल हो जाएगा। राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोलह दिसंबर को एक नया प्रोक्लेमेशन साइन किया है, जिसके चलते 39 देशों के नागरिकों और पैलेस्टीनियन अथॉरिटी द्वारा जारी ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स रखने वाले लोगों पर एंट्री रिस्ट्रिक्शंस लग गए हैं। यह फैसला नेशनल सिक्योरिटी और पब्लिक सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
किन देशों पर लगी पाबंदी?
वैसे तो, ये पहली बार नहीं है, जब अमेरिका ने इस तरह का कदम उठाया है। चार जून 2025 को 19 देशों के नागरिकों पर पाबंदी लगाई गई थी और अब उस लिस्ट में और देश जुड़ गए हैं। नए नियम के मुताबिक, 19 देशों पर फुल सस्पेंशन यानी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि बीस देशों पर आंशिक प्रतिबंध लागू होगा। अफगानिस्तान, बुर्किना फासो, बर्मा, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लाओस, लीबिया, माली, नाइजर, सिएरा लियोन, सोमालिया, साउथ सूडान, सूडान, सीरिया और यमन जैसे देशों के नागरिक पर बैन लगा है।
आंशिक प्रतिबंध वाले देशों में अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, बुरुंडी, कोट डी आइवर, क्यूबा, डोमिनिका, गैबॉन, गाम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोगो, टोंगा, तुर्कमेनिस्तान, वेनेजुएला, जाम्बिया और जिम्बाब्वे शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है, कि लाओस और सिएरा लियोन जो पहले आंशिक प्रतिबंध की कैटेगरी में थे, अब पूर्ण प्रतिबंध के दायरे में आ गए हैं।
क्यों उठाया गया यह कदम?
अमेरिकी प्रशासन का कहना है, कि इन देशों की स्क्रीनिंग और वेटिंग इन्फॉर्मेशन में इतनी कमियां हैं, कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से यह कदम उठाना जरूरी हो गया। इस फैसले के लिए इमिग्रेशन एंड नेशनैलिटी एक्ट के सेक्शन 212(f) और सेक्शन 215(a) का सहारा लिया गया है, जो राष्ट्रपति को यह अधिकार देते हैं, कि वे अमेरिकी हितों के लिए खतरा माने जाने वाले विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा सकें।
किन लोगों को मिलेगी छूट-
हालांकि यह बैन सख्त है, लेकिन कुछ लोगों को इससे छूट भी दी गई है। जिन लोगों को अमेरिका ने पहले से शरण या शरणार्थी का दर्जा दे रखा है, उन पर यह पाबंदी लागू नहीं होगी। स्थायी निवासी यानी ग्रीन कार्ड होल्डर और दोहरी नागरिकता रखने वाले लोग जो गैर-निर्धारित देशों के पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे हैं, उन्हें भी छूट मिलेगी। जो लोग शरण, शरणार्थी दर्जा या निर्वासन रोकने की मांग करना चाहते हैं, उनका अधिकार बरकरार रहेगा। जून की घोषणा में अमेरिकी नागरिकों के निकटतम रिश्तेदारों, गोद लेने और अफगान विशेष आव्रजन वीजा धारकों के लिए छूट थी, लेकिन दिसंबर के नए नियम में इन्हें हटा दिया गया है।
ये भी पढ़ें- LoC पर बढ़ता डर, पाकिस्तान ने PoK में क्यों तैनात किए एंटी-ड्रोन सिस्टम?
कब तक रहेगा ये बैन?
इस घोषणा में बैन खत्म होने की कोई तारिख नहीं दी गई है। विदेश मंत्री और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया गया है, कि वे हर 180 में राष्ट्रपति को रिपोर्ट दें, कि क्या इन प्रतिबंधों को जारी रखना है, खत्म करना है या फिर इनमें बदलाव करना है।
ये भी पढ़ें- क्या ताइवान पर हमला करने की तैयारी? चीन के लाइव-फायर ड्रिल से एशिया में बढ़ा तनाव



