Airtel Adobe Free Subscription: अगर आप Airtel यूज़र हैं और सोशल मीडिया के लिए पोस्ट, वीडियो या पोस्टर बनाते हैं, तो यह खबर आपके बड़े काम की है। Adobe ने Bharti Airtel के साथ मिलकर एक ऐसी साझेदारी की है, जो भारत में कंटेंट बनाने वालों की दुनिया बदल सकती है। इस साझेदारी के तहत Airtel के करोड़ों ग्राहकों को Adobe Express Premium का पूरे एक साल का सदस्यता बिल्कुल मुफ्त मिलेगी। यह सदस्यता आम तौर पर करीब 4,000 रुपये सालाना की पड़ती है, लेकिन अब Airtel के डिजिटल लाभों के तहत यह बिना एक पैसा खर्च किए मिल रही है।
Adobe Express है क्या और क्यों है यह खास?
Adobe का नाम सुनते ही दिमाग में Photoshop जैसे सॉफ्टवेयर आते हैं, जिन्हें सीखने में महीनों लग जाते हैं। लेकिन Adobe Express उससे बिल्कुल अलग है। यह उन लोगों के लिए बना है, जो बिना कोई डिज़ाइन सीखे, पेशेवर दिखने वाला कंटेंट बनाना चाहते हैं। इस टूल की मदद से आप सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो, पोस्टर, प्रेजेंटेशन और फ्लायर मिनटों में तैयार कर सकते हैं। हजारों बने-बनाए टेम्पलेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की ताकत मिलाकर यह टूल एक आम इंसान को भी माहिर डिज़ाइनर बना देता है।
किसके लिए है ये ऑफर?
यह मुफ्त सदस्यता Airtel के बड़े वर्ग के लिए उपलब्ध है। प्रीपेड और पोस्टपेड मोबाइल ग्राहक, Airtel Xstream Fibre ब्रॉडबैंड उपयोगकर्ता और Airtel Digital TV के दर्शक सभी इस ऑफर का फायदा उठा सकते हैं। एक बार चालू करने के बाद यह सदस्यता पूरे 12 महीने तक मान्य रहेगी।
कंटेंट बनाना अब सबके लिए-
पहले कंटेंट बनाना सिर्फ प्रशिक्षित डिज़ाइनर या बड़ी कंपनियों का काम माना जाता था। लेकिन अब वो ज़माना बदल चुका है। आज छात्र हों, फ्रीलांसर हों, छोटे कारोबारी हों या सोशल मीडिया पर सक्रिय लोग, हर कोई डिजिटल दुनिया में खुद को दिखाना चाहता है। ऐसे में एक आसान और ताकतवर डिज़ाइन टूल की जरूरत हर किसी को है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से यह टूल समझता है कि आप क्या बनाना चाहते हैं और चंद क्लिक्स में एक पेशेवर नतीजा सामने रख देता है।
ये भी पढ़ें- अब व्हट्सएप भी लेगा पैसे? WhatsApp Plus में मिलेंगे गजब के फीचर्स, जानें क्या होगा खास
भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार-
Adobe और Airtel की यह साझेदारी सिर्फ एक मुफ्त सदस्यता की बात नहीं है। यह भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल दुनिया को एक बड़ा धक्का देने की कोशिश है। छोटे शहरों के कंटेंट बनाने वाले, जो अब तक महंगे टूल की वजह से पीछे रह जाते थे, वो भी अब बराबरी से मैदान में उतर सकेंगे।
ये भी पढ़ें- iPhone Fold Leaks: कीमत, फीचर्स और लॉन्च, जानिए लीक हुए डिटेल



