Chaitra Navratri 2026: हिंदू पंचांग में चैत्र नवरात्रि का विशेष महत्व है। यह पर्व न सिर्फ मां दुर्गा की आराधना का अवसर है, बल्कि हिंदू नव वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है। इस साल चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च को समाप्त होगी। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होती है और घर-मंदिर सजाए जाते हैं। इस बार की नवरात्रि खास इसलिए भी है, क्योंकि मान्यता के अनुसार, मां इस साल पालकी पर आएंगी और हाथी पर विदा होंगी, जो आने वाले समय के शुभ संकेत माने जाते हैं।
पालकी पर आगमन और हाथी पर विदाई-
हिंदू परंपराओं में मां के आगमन और विदाई के वाहन का विशेष महत्व है। इस वर्ष पालकी पर आगमन और हाथी पर विदाई को शुभ माना जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, हाथी पर विदाई सुख-समृद्धि और वर्षा के अच्छे संकेत देती है।
नवरात्रि में घर की सफाई पर दें खास ध्यान-
नवरात्रि के दौरान घर की स्वच्छता को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। पर्व शुरू होने से पहले घर की अच्छी तरह सफाई करें और इन नौ दिनों तक घर को साफ-सुथरा बनाए रखें। घर में अनावश्यक सामान, अव्यवस्था या कचरा रखने से नकारात्मक ऊर्जा आती है। पूजा-पाठ और आध्यात्मिक साधना के लिए शांत और स्वच्छ वातावरण जरूरी है।
मांसाहार और शराब से रहें दूर-
नवरात्रि सात्विक जीवनशैली का समय है। इन नौ दिनों में मांस, मदिरा, प्याज और लहसुन से परहेज करने की परंपरा है। इन्हें तामसिक माना जाता है, जो आध्यात्मिक साधना में बाधा डालते हैं। सादा और शुद्ध भोजन करने से मन शांत रहता है और पूजा में मन लगता है।
बाल और नाखून काटने से बचें-
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि के नौ दिनों में बाल काटना, दाढ़ी बनाना और नाखून काटना वर्जित माना जाता है। इसलिए बेहतर है कि पर्व शुरू होने से पहले ये काम निपटा लें और फिर पूरे नौ दिन सिर्फ पूजा, व्रत और भक्ति पर ध्यान दें।
ये भी पढ़ें- क्यों नहीं खाना चाहिए शिवलिंग पर चढ़ाया प्रसाद? चंदेश्वर और नीलकंठ की कथा में छुपा है रहस्य
चमड़े की चीजें और झगड़े-
नवरात्रि में चमड़े से बनी चीजें जैसे बेल्ट, बटुआ, जूते या जैकेट पहनने से बचना चाहिए। क्योंकि चमड़ा जीव की खाल से बनता है और यह पवित्रता, भक्ति और अहिंसा के भाव के विपरीत है। इसके साथ ही इन पवित्र दिनों में झगड़ा, कठोर भाषा और नकारात्मक व्यवहार से भी दूर रहें। शांत मन, मीठी वाणी और सकारात्मक सोच ही नवरात्रि की असली साधना है।
ये भी पढ़ें- 19 March 2026 Rashifal: जानिए राशि के हिसाब से कैसा रहेगा आपका नवरात्रि का पहला दिन



