Watermelon Seed Paneer: आजकल लोग अपनी हेल्थ को लेकर काफी एक्टिव रहते हैं। जिससे सोशल मीडिया पर भी बहुत से वीगन खाने की चीज़ें घर पर बनाने के तरीके वायरल हो रहे हैं। उन्हीं में से एक तरबूज के बीजों से पनीर बनाया जा रहा है। पहली नज़र में यह किसी जादू से कम नहीं लगता, लेकिन धीरे-धीरे यह तरकीब रसोइयों के बीच मशहूर हो गई है। पनीर तो हर भारतीय रसोई की शान होता है, लेकिन जो लोग दूध और दूध से बनी चीज़ें छोड़ना चाहते हैं, उनके लिए पनीर का अच्छा विकल्प मिलना हमेशा मुश्किल रहा है। अब यही काम वो बीज कर सकते हैं, जिन्हें हम बिना सोचे-समझे कूड़ेदान में फेंक देते हैं।
तरबूज के बीज आखिर पनीर कैसे बन जाते हैं?
तरबूज के बीजों में प्राकृतिक रूप से वसा और प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, इसी वजह से ये एक गाढ़ा और मलाईदार घोल बनाने में सक्षम होते हैं। पानी में भिगोकर पीसने पर जो लेप तैयार होता है, उसे जमाने पर वह असली पनीर जैसी बनावट दे देता है। इनका स्वाद हल्का होता है, इसलिए ये किसी भी तरह के मसालेदार खाने में आसानी से घुल-मिल जाते हैं।
घर पर कैसे बनाएं ये पनीर?
इसके लिए चाहिए एक कप सूखे तरबूज के बीज, ढाई कप पानी, दो बड़े चम्मच नींबू का रस या सिरका, डेढ़ छोटी चम्मच अगर-अगर पाउडर और स्वादानुसार नमक।
सबसे पहले बीजों को रात भर पानी में भिगो दें। सुबह उन्हें ताज़े पानी के साथ बारीक पीस लें और मलमल के कपड़े से छान लें। छाने हुए तरल को मध्यम आंच पर पकाएं और लगातार चलाते रहें, जिससे गांठें न पड़ें। फिर उसमें नमक, नींबू का रस और अगर-अगर मिलाएं और तब तक पकाएं जब तक मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। इसके बाद इसे एक चिकने सांचे में डालें, ठंडा करें और एक-दो घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। जम जाने पर टुकड़ों में काटें और असली पनीर की तरह इस्तेमाल करें।
किन बातों का रखें ध्यान?
बीजों को अच्छी तरह न पीसने पर पनीर दानेदार बनता है, इसलिए पीसना बारीक होना चाहिए। ज़्यादा पानी मिलाने पर पनीर आकार नहीं पकड़ता। अगर-अगर पाउडर कभी न छोड़ें, वरना मिश्रण जमेगा ही नहीं और भिगोने का काम कभी न भूलें, वरना पनीर खुरदरा और असमान बनेगा।
इस पनीर से क्या-क्या बना सकते हैं?
इस पनीर से भुर्जी, हल्की ग्रेवी, सब्ज़ियों के साथ भुनी हुई सब्ज़ी और तवे पर सेंकी हुई चीज़ें बखूबी बनाई जा सकती हैं। यह मसाले अच्छी तरह सोख लेता है, इसलिए इसे बिल्कुल असली पनीर की तरह पकाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- क्या समोसा सच में भारतीय है? 500 साल पुरानी रेसिपी ने सोशल मीडिया पर उठाया सवाल
खाने की बर्बादी रोकने का भी ज़रिया-
तरबूज के बीजों से पनीर बनाना केवल दूध छोड़ने वालों के लिए नहीं है, यह घर में खाने की बर्बादी कम करने का एक समझदारी भरा तरीका भी है। जो चीज़ हम रोज़ फेंक देते हैं, वह थोड़ी-सी मेहनत से रसोई की एक काम की और स्वादिष्ट चीज़ बन सकती है। अच्छे खाने के लिए हमेशा महंगी सामग्री की ज़रूरत नहीं होती, कभी-कभी जवाब हमारी अपनी रसोई में ही छुपा होता है।
ये भी पढ़ें- Vastu Tips: घर में बार-बार बीमारी और थकान से परेशान? वास्तु के ये छोटे बदलाव ला सकते हैं बड़ा फर्क



