Noida Car Accident
    Photo Source - Google

    Noida Car Accident: नोएडा के सेक्टर 70 में शुक्रवार को एक कार खुली नाली में गिर गई। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना एक बार फिर शहर की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े करती है। सेक्टर 150 में हुए जानलेवा हादसे के महज कुछ हफ्ते बाद यह घटना शहरवासियों की चिंताएं बढ़ा गई है।

    यह हादसा बसई गांव के पास फेज 3 थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है, कि ड्राइवर थोड़ी देर के लिए गाड़ी से बाहर गया था, तभी वाहन फिसलकर खुली नाली में जा गिरा। सूचना मिलते ही फेज 3 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार को भी नाली से बाहर निकाला।

    खुली नालियां बनी जानलेवा खतरा-

    एबीपी लाइव के मुताबिक, इलाके के निवासियों का कहना है, कि यहां कई नालियां खुली पड़ी हैं, जो आम लोगों और गाड़ियों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया, कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद इस खतरे को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

    लोकल लोगों ने बताया, कि अगर गाड़ी पूरी तरह से नाली में गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने राहगीरों और पुलिस की तत्परता की तारीफ करते हुए कहा, कि उनकी वजह से बड़ा नुकसान टल गया।

    नोएडा अथॉरिटी पर उठे सवाल-

    इस ताजा घटना ने नोएडा अथॉरिटी की सेफ्टी व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। निवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा, कि अगर पिछले जानलेवा हादसों के बाद भी खुली नालियों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो ऐसी घटनाएं बार-बार होती रहेंगी।

    याद रहे, कि 18 जनवरी को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 में एक 27 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई थी। जब उनकी कार कंट्रोल खोकर एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट के लिए खोदे गए 20 फुट गहरे, पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी थी।

    सेक्टर 150 का दर्दनाक हादसा-

    यह हादसा 17 जनवरी 2026 की सुबह हुआ था। पीड़ित की पहचान युवराज मेहता के रूप में हुई, जो सेक्टर 150 के टाटा यूरेका पार्क हाउसिंग सोसाइटी में रहते थे। वे गुरुग्राम की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और ऑफिस से घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में फायर डिपार्टमेंट, SDRF, NDRF और स्थानीय पुलिस ने हिस्सा लिया और सुबह शव को बाहर निकाला गया।

    ये भी पढ़ें- Delhi से Meerut का सफर मिनटो में होगा पूरा, पाएं 30,000 करोड़ की इस प्रोजेक्ट की जानकारी

    शुरुआती जांच से पता चला, कि घने कोहरे और तेज रफ्तार ने इस हादसे को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, गाड़ी पहले एक नाली को पार करके फिर गड्ढे में गिरी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था। अब सवाल यह है, कि कितने हादसों के बाद अथॉरिटी जागेगी और शहर की सेफ्टी को लेकर गंभीर कदम उठाएगी।

    ये भी पढ़ें- PMO office New Address: शुक्रवार से बदल जाएगा PMO का पता, 99 साल पुराना नॉर्थ-साउथ ब्लॉक खाली

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।