FASTag Annual Pass Fee: अगर आप हाईवे पर अक्सर सफर करते हैं और FASTag Annual Pass का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए FASTag Annual Pass की फीस में बदलाव कर दिया है। 12 मार्च को जारी एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से निजी गाड़ियों के मालिकों को इस पास के लिए 3,000 की जगह 3,075 रुपये चुकाने होंगे।
क्या है FASTag Annual Pass और कब हुई इसकी शुरुआत?-
FASTag Annual Pass की शुरुआत 2025 के स्वतंत्रता दिवस पर हुई थी। इसके पीछे मकसद था, कि जो लोग अक्सर नेशनल हाईवे पर सफर करते हैं। उन्हें बार-बार टोल चुकाने की झंझट से मुक्ति मिले और डिजिटल टोल भुगतान को और बढ़ावा मिले। यह पास खासतौर पर निजी इस्तेमाल के लिए रजिस्टर्ड गाड़ियों यानी कार, जीप और वैन के लिए बनाया गया है। जिस गाड़ी पर वैध FASTag लगा हो वह इस पास के लिए योग्य है।
एक पास में कितनी बार मुफ्त टोल?
एक बार पास एक्टिवेट हो जाए तो गाड़ी नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर 200 बार तक बिना अलग से भुगतान किए गुजर सकती है। यह सुविधा एक साल तक या 200 बार, जो भी पहले पूरा हो तक मिलती है। अलग-अलग टोल प्लाजा पर अलग-अलग दरें होती हैं, लेकिन पास होने पर कोई फर्क नहीं पड़ता हर जगह एंट्री फ्री।
50 लाख से ज्यादा लोग पहले से ले रहे हैं फायदा-
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक. अभी देशभर में 50 लाख से ज्यादा लोग FASTag Annual Pass का इस्तेमाल कर रहे हैं। नेशनल हाईवे पर निजी कारों के कुल टोल लेनदेन में से करीब 28 फीसदी अब इसी पास के जरिए होते हैं। यह आंकड़ा बताता है कि नियमित यात्रियों के बीच यह योजना कितनी लोकप्रिय हो चुकी है।
98 फीसदी टोल डिजिटल-
2016 में शुरू हुए FASTag ने टोल भुगतान की पूरी तस्वीर बदल दी है। अब तक देशभर में 11.86 करोड़ FASTag जारी हो चुके हैं, जिनमें से करीब 5.9 करोड़ सक्रिय हैं। नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर वसूले जाने वाले कुल राजस्व का 98 फीसदी से ज्यादा हिस्सा अब FASTag के जरिए आता है, यह डिजिटल भारत की एक बड़ी कामयाबी है।
ये भी पढ़ें- जानिए क्या है DME? LPG का देसी विकल्प, जिसे बना रहे भारत के वैज्ञानिक, बदल सकता है आपकी रसोई
कैसे करें आवेदन या नवीनीकरण?
FASTag Annual Pass के लिए आवेदन करना बेहद आसान है। राजमार्ग यात्रा ऐप, NHAI और सड़क परिवहन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर FASTag से जुड़े अकाउंट से लॉगिन करें, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें और UPI, डेबिट-क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान करें। भुगतान होते ही पास अपने आप FASTag से जुड़ जाता है और आमतौर पर 24 घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।
ये भी पढ़ें- क्या सच में देश में है LPG गैस की कमी? जानिए सरकार का सच और कालाबाजारी से कैसे बचें



