Delhi Lakhpati Bitiya Yojana: दिल्ली सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ और गरीब परिवारों को साल में दो मुफ्त LPG सिलेंडर देने की योजना की शुरुआत करेंगी।
यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, कि यह पहल दिल्ली सरकार की उस सोच को दर्शाती है, जो बेटियों की पढ़ाई और महिलाओं की आर्थिक आजादी को सबसे ऊपर रखती है।
क्या है ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’, कैसे मिलेगा फायदा?
दरअसल पहले से चल रही ‘लाडली योजना’ को नए सिरे से तैयार करके इसे ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का नाम दिया गया है। पुरानी योजना में बेटी के जन्म से लेकर पढ़ाई के अलग-अलग पड़ावों पर थोड़ी-थोड़ी रकम जमा की जाती थी, जो 18 साल की उम्र में निकाली जा सकती थी। लेकिन अब नई योजना में बेटी के नाम अलग-अलग चरणों में कुल ₹56,000 जमा किए जाएंगे।
ब्याज के साथ 21 साल की उम्र तक यह रकम ₹1 लाख से भी ज्यादा हो जाएगी। सबसे खास बात यह है, कि यह पूरी योजना डिजिटल होगी और SBI Life Insurance Company Limited के जरिए चलाई जाएगी। परिपक्वता पर पूरी रकम सीधे बेटी के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
कौन उठा सकता है इस योजना का फायदा?
यह योजना उन परिवारों के लिए है, जिनकी सालाना आमदनी ₹1.20 लाख तक है और जो कम से कम तीन साल से दिल्ली में रह रहे हैं। बेटी का जन्म दिल्ली में होना जरूरी है और एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को इसका लाभ मिलेगा। जन्म के एक साल के भीतर या पढ़ाई के तय पड़ावों पर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। इसके अलावा देशभर के सरकारी या UGC मान्यता प्राप्त संस्थानों में ग्रेजुएशन या प्रोफेशनल डिप्लोमा करने वाली बेटियां भी इस योजना की हकदार होंगी।
ये भी पढ़ें- स्कूल बस के टूटे फर्श से गिरी 7 साल की बच्ची, मौके पर हुई मौत, ड्राइवर ने की छुपाने..
होली-दिवाली पर मुफ्त LPG सिलेंडर-
इसके साथ ही दिल्ली सरकार राशन कार्ड धारक परिवारों को हर साल होली और दिवाली पर एक-एक मुफ्त LPG सिलेंडर देगी। सिलेंडर की बाजार कीमत के बराबर रकम सीधे राशन कार्ड धारक के आधार से जुड़े बैंक खाते में DBT के जरिए भेजी जाएगी। इस योजना से करीब 15.5 लाख परिवारों को फायदा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस व्यापक सोच के अनुरूप है, जो बेटियों को शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के जरिए राष्ट्र निर्माण का केंद्र मानती है।
ये भी पढ़ें- जानिए कौन हैं Menaka Guruswamy? ममला बनर्जी की पसंद, जो बन सकती हैं देश की पहली LGBTQ+ सांसद



