Skoda Slavia Facelift 2026: अगस्त में पेश होने के बाद Skoda ने आखिरकार नई Slavia की कीमतों का ऐलान कर दिया है। यह सेडान छह वेरिएंट में उपलब्ध है, जिनके नाम हैं Classic, Classic+, Signature, Sportline, Prestige और Monte Carlo। इनकी एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये से शुरू होकर 18.84 लाख रुपये तक जाती है। नई Slavia में सिर्फ लुक और फीचर्स के अपग्रेड ही नहीं हैं, बल्कि छोटे 1.0 TSI इंजन के साथ एकदम नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी मिलता है। कंपनी के मुताबिक कस्टमर डिलीवरी अगले हफ्ते से शुरू हो जाएगी। कार MQB-A0-IN प्लेटफॉर्म पर ही बनी है और पुराने पावरट्रेन ऑप्शन भी बरकरार हैं।
वेरिएंट के हिसाब से प्राइस लिस्ट-
Slavia Facelift 2026 का बेस मॉडल Classic 1.0 TSI MT है, जिसकी कीमत 9.99 लाख रुपये है, जबकि टॉप मॉडल Monte Carlo 1.5 TSI DSG की कीमत 18.84 लाख रुपये रखी गई है। Classic+ की शुरुआत 10.99 लाख, Signature की 13.94 लाख, Sportline की 14.34 लाख और Prestige की 15.89 लाख रुपये से होती है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। पूरी लिस्ट नीचे टेबल में देखिए।
| वेरिएंट | 1.0 TSI MT | 1.0 TSI AT | 1.5 TSI DSG |
|---|---|---|---|
| Classic | 9.99 लाख रुपये | – | – |
| Classic+ | 10.99 लाख रुपये | 12.49 लाख रुपये | – |
| Signature | 13.94 लाख रुपये | 14.94 लाख रुपये | – |
| Sportline | 14.34 लाख रुपये | 15.34 लाख रुपये | – |
| Prestige | 15.89 लाख रुपये | 16.89 लाख रुपये | 18.59 लाख रुपये |
| Monte Carlo | – | 17.29 लाख रुपये | 18.84 लाख रुपये |
इंजन और गियरबॉक्स में क्या नया है-
नई Slavia में वही भरोसेमंद 1.0 लीटर और 1.5 लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलते हैं, लेकिन असली बदलाव ट्रांसमिशन में हुआ है। छोटे 1.0 TSI इंजन के साथ अब नया 8-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक मिलता है, साथ में 6-स्पीड मैनुअल का ऑप्शन भी है। Skoda का दावा है कि यह इस सेगमेंट का पहला 8-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक है। वहीं बड़ा 1.5 TSI इंजन पहले की तरह 7-स्पीड DSG के साथ आता है और यह सिर्फ Prestige और Monte Carlo वेरिएंट में मिलेगा।
नया लुक और प्रीमियम इंटीरियर-
बाहर से देखें तो Slavia अब पहले से ज़्यादा फ्रेश नज़र आती है। इसमें नई LED हेडलाइट्स और टेललाइट्स हैं, जिनके साथ पीछे सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर भी मिलते हैं। ग्रिल का डिज़ाइन बदला गया है, आगे-पीछे के हिस्सों में अपडेट हुए हैं और अलॉय व्हील्स के नए डिज़ाइन भी जुड़े हैं। केबिन में नई थीम्स और हाई वेरिएंट में ज़्यादा फीचर्स मिलते हैं। टॉप वर्जन में 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 10.1 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम है। सेगमेंट में पहली बार रियर-सीट मसाज फंक्शन भी आया है, जो Prestige और Monte Carlo में मिलेगा। इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा और आगे-पीछे पार्किंग सेंसर वाला Park Pilot भी है।
ये भी पढ़ें- Honda Elevate Facelift से उठा पर्दा, लॉन्च से पहले नई डिटेल आई सामने
सेफ्टी और वारंटी भी दमदार-
नई Slavia में Google Cloud टेक्नोलॉजी पर चलने वाला AI वॉयस असिस्टेंट है, जिससे म्यूज़िक, कॉल और क्लाइमेट कंट्रोल जैसे काम सिर्फ बोलकर किए जा सकते हैं। वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay भी सपोर्टेड हैं। सेफ्टी की बात करें तो 6 एयरबैग के साथ 25 से ज़्यादा एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड मिलते हैं। Skoda Super Care पैकेज में 4 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी, 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और 4 लेबर-फ्री सर्विस शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Tata Sierra Jubilee Edition लॉन्च, नए एक्सेसरी पैक्स और कीमत के साथ जानिए क्या है खास



