Best Phones Under 35000: जब भी कोई फोन रिव्यू आता है, तो हर दूसरा इंसान एक ही सवाल पूछता है, कि 35,000 रुपये में सबसे अच्छा फोन कौन सा है। वजह भी साफ है, यह भारत का सबसे भीड़भाड़ वाला प्राइस सेगमेंट है, जहां हर महीने चार-पांच नए फोन उतर जाते हैं, इसलिए जवाब भी बदलता रहता है। इस बार पांच फोन चुने गए हैं, जिन्हें अच्छे से इस्तेमाल करने के बाद रैंक किया गया है।
Samsung Galaxy A27 सॉफ्टवेयर और भरोसे वाला फोन-
अगर आप Samsung का सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस चाहते हैं, लेकिन फ्लैगship वाला बजट नहीं है, तो Galaxy A27 आपके लिए है। इसमें Snapdragon 6 Gen 3 चिपसेट, 120Hz वाली 6.7 इंच Super AMOLED स्क्रीन और 5,000mAh की बैटरी मिलती है। कैमरे में 50MP का OIS वाला मेन सेंसर, 5MP अल्ट्रावाइड, 2MP मैक्रो और 12MP सेल्फी कैमरा है। स्पेक्स भले ही चौंकाने वाले न हों, लेकिन One UI की स्मूदनेस और 6 साल के Android व सिक्योरिटी अपडेट का वादा इसे खास बनाता है। अगर आपके पास पहले से Galaxy टैबलेट या वॉच है, तो यह उनके साथ बढ़िया तालमेल बिठाता है।
Redmi Note 17 Pro बैटरी की टेंशन खत्म-
बजट में सिर्फ 2,000 रुपये बढ़ा सकते हैं, तो Redmi Note 17 Pro पर नज़र डालिए। इसमें Snapdragon 6s Gen 4, 6.83 इंच की 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 67W फास्ट चार्जिंग के साथ विशाल 9,000mAh बैटरी है। इस रेंज के ज्यादातर फोन में करीब 7,000mAh बैटरी मिलती है, यानी यहां आपको अतिरिक्त बैकअप मिलता है। कॉलिंग, वीडियो, गेमिंग और सोशल मीडिया वाला पूरा दिन आराम से निकल जाता है। कैमरे में 50MP मेन, 8MP अल्ट्रावाइड और 16MP सेल्फी सेंसर है। अगर बैटरी की चिंता आपकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, तो इसे लिस्ट में ऊपर रखिए।
Realme P4s गेमर्स का ऑल-राउंडर-
Realme P4s में MediaTek Dimensity 7400 Ultra चिप और 6.78 इंच की AMOLED स्क्रीन है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है। पीछे 50MP मेन और 8MP अल्ट्रावाइड, जबकि आगे 16MP सेल्फी कैमरा है। इसकी असली ताकत है 8,000mAh की बड़ी बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग। यानी बैकअप भी भरपूर और जरूरत पड़ने पर चार्जिंग भी तेज़। जो लोग घंटों गेम खेलते हैं और बैटरी प्रतिशत की चिंता नहीं करना चाहते, उनके लिए यह काफी संतुलित विकल्प है।
iQOO Z11 परफॉर्मेंस का बादशाह-
iQOO Z11 में Dimensity 7500 Turbo प्रोसेसर और 1.5K रेजोल्यूशन वाली 6.83 इंच की 144Hz AMOLED डिस्प्ले दी गई है। कैमरे में 50MP मेन, 8MP अल्ट्रावाइड और 32MP फ्रंट कैमरा है, जो इस लिस्ट के सबसे दमदार सेल्फी कैमरों में गिना जाता है। बैटरी 7,050mAh की है। लेकिन असली मज़ा परफॉर्मेंस में आता है, क्योंकि रोज़मर्रा के काम बिना लैग के चलते हैं और लंबे गेमिंग सेशन में भी फोन टिकता है। अगर आपको तेज़ और रेस्पॉन्सिव फोन चाहिए, तो यह मजबूत दावेदार है।
Motorola Edge 70 कैमरा और क्लीन Android-
आखिर में Motorola Edge 70 है, जिसमें Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट और 6.7 इंच की 120Hz AMOLED स्क्रीन मिलती है। इसकी खासियत है कि मेन, अल्ट्रावाइड और सेल्फी, तीनों कैमरे 50MP के हैं, जो इस बजट में कम ही देखने को मिलता है। बैटरी 5,000mAh की है, लेकिन 68W टर्बो चार्जिंग इसकी भरपाई कर देती है। साथ ही Motorola का क्लीन Android है, जिसमें फालतू ऐप्स का बोझ नहीं होता।
ये भी पढ़ें- iPhone Pro Max पर ₹20,000 की छूट, जानिए कैसे उठाएं डील का फायदा
तो आखिर कौन सा फोन लें?
असल में जवाब आपकी जरूरत पर टिका है। भरोसेमंद सॉफ्टवेयर और लंबे अपडेट चाहिए तो Samsung, सबसे ज्यादा बैटरी बैकअप के लिए Redmi, गेमिंग और तेज़ चार्जिंग के लिए Realme, दमदार परफॉर्मेंस के लिए iQOO और कैमरे व क्लीन इंटरफेस के लिए Motorola बेहतर रहेगा। खरीदने से पहले अपनी रोज़ की आदतें जरूर परखिए।
ये भी पढ़ें- क्या iPhone 17 सीरीज होने वाली है 35,000 रुपये तक महंगी? जानिए क्या है नई अपडेट



