UPSC Student Murder Case
    Photo Source - Google

    UPSC Student Murder Case: 22 साल की उम्र, इंजीनियरिंग की डिग्री और UPSC की तैयारी, यह किसी भी लड़की का एक उज्जवल भविष्य की तस्वीर है। लेकिन दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में बुधवार को एक परिवार का यह सपना टूट गया जब उन्होंने अपनी बेटी को घर में मृत पाया। पीड़िता एक भारतीय राजस्व सेवा यानी IRS अधिकारी की बेटी थी। यह खबर पूरी दिल्ली को हिला गई और महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर तीखे सवाल उठने लगे।

    चार्जर केबल से गला घोंटा-

    पुलिस की प्रारंभिक जाँच के अनुसार पीड़िता के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर मोबाइल फोन के चार्जर केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। परिवार ने घर में बेटी को इस हाल में देखा, यह मंज़र किसी के लिए भी असहनीय होता है। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

    पूर्व नौकर राहुल गिरफ्तार-

    पुलिस ने द्वारका के एक होटल से 19 साल के राहुल को गिरफ्तार किया। राहुल इसी घर में नौकर था लेकिन एक महीने से ज़्यादा पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था क्योंकि उसकी आदत थी दूसरे नौकरों से पैसे उधार लेना और कभी न लौटाना। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया और होटल में पकड़ लिया।

    उसी दिन अलवर में भी किया दुष्कर्म-

    जाँच में जो बात सामने आई वह और भी चौंकाने वाली है। दिल्ली में हत्या करने से कुछ घंटे पहले राहुल ने अलवर में अपने गाँव में एक महिला के साथ भी दुष्कर्म किया। वह महिला के पति का दोस्त था और दोनों परिवारों के बीच पहले से जान-पहचान थी। पीड़िता ने अपने परिवार को यह बात बताई। इसके बाद राहुल दिल्ली आया और वहां यह जघन्य अपराध किया।

    ये भी पढ़ें- यमुना किनारे बनेगा 53 किमी का साइकिल ट्रैक! जानिए दिल्ली में कहां होगा ग्रीन ट्रैवल का नया रास्ता

    हत्या की वजह-

    संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि हत्या का मकसद अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि नौकरी से निकाले जाने की वजह से राहुल में गुस्सा हो सकता है लेकिन यह भी संभव है कि उसकी आपराधिक मानसिकता ही इसकी जड़ हो। विस्तृत पूछताछ के बाद ही सच सामने आएगा। इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल उठाया है कि घरेलू सहायकों की भर्ती और निगरानी में और सतर्कता बरतना कितना ज़रूरी है।

    ये भी पढ़ें- Delhi में वाहन चालकों के लिए नए नियम, अब बिना इस डॉक्यूमेंट के नहीं मिलेगा पैट्रोल-डीज़ल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।