Noida Domestic Workers Protest
    Photo Source - Google

    Noida Domestic Workers Protest: नोएडा में जो आग फैक्ट्री मज़दूरों से शुरू हुई थी, वह अब हर घर की दहलीज़ तक पहुंच गई है। मंगलवार 15 अप्रैल को सेक्टर 121 के क्लियो काउंटी आवासीय सोसायटी में काम करने वाली मेड और घरेलू कामगार भी सड़क पर उतर आईं। उनकी मांग वही है, जो पिछले कई दिनों से पूरे नोएडा में गूंज रही है, बेहतर वेतन और काम की उचित परिस्थितियां। “जब तक तनख्वाह नहीं बढ़ेगी, काम पर नहीं लौटेंगे”, यह नारा सोसायटी के बाहर हवा में गूंजता रहा।

    क्लियो काउंटी में घेराव-

    अंग्रेज़ी समाचार वेबसाइट टाइम्स नाउ के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने सोसायटी को घेर लिया और इमारत के कांच के दरवाज़े तोड़ दिए। एक पुलिस बस पर भी पथराव की खबर सामने आई। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि हालात बेकाबू न हों। कामगारों का कहना है कि उनकी मौजूदा तनख्वाह इतनी कम है कि बढ़ती महँगाई में घर चलाना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा उन्हें घंटों काम करना पड़ता है लेकिन न पर्याप्त छुट्टी मिलती है और न ओवरटाइम का पैसा।

    फैक्ट्री से सोसायटी तक-

    यह ताज़ा घटनाक्रम उसी दिन के बाद आया जब नोएडा के फेज 2 और सेक्टर 60 में फैक्ट्री मज़दूरों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था। पुलिस की एसयूवी समेत कई वाहनों में आग लगाई गई, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाया गया और पत्थरबाज़ी की घटनाएँ सामने आईं। इस हिंसा से नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भारी जाम लग गया और लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

    मांगें क्या हैं-

    मज़दूरों की मांग है, कि उन्हें पड़ोसी राज्य हरियाणा की तरह वेतन मिले जहां 1 अप्रैल 2026 से 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू हो चुकी है। इसके अलावा ओवरटाइम का उचित भुगतान और बुनियादी सुविधाएं भी मांगी जा रही हैं। अब जब घरेलू कामगार भी इस आंदोलन में शामिल हो गए हैं, तो अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है कि यह अशांति नोएडा के और अधिक क्षेत्रों में फैल सकती है।

    ये भी पढ़ें- जानिए कैसे नोएडा में सोशल मीडिया ने बदला मजदूरों के धरने को बना दिया हिंसक?

    पुलिस की अपील-

    पुलिस ने नागरिकों से अपील की है, कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारी से सावधान रहें। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है, कि स्थिति नियंत्रण में है और लगातार नज़र रखी जा रही है। लेकिन जब तक वेतन की मांग का कोई ठोस हल नहीं निकलता, नोएडा की सड़कें शांत होती नहीं दिखतीं।

    ये भी पढ़ें- नोएडा हिंसा के बाद सरकार ने देर रात की वेतन बढ़ोतरी, जानें कितने रुपये बढ़े मज़दूरों के

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।