Minimalist Room Decor: आजकल लोग अपने घर को सादा और सुकून भरा बनाना चाहते हैं। इसे ही मिनिमलिस्ट स्टाइल कहा जाता है, जिसमें कम सामान रखकर भी घर को खूबसूरत बनाया जाता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं, कि आप सजावट बिल्कुल छोड़ दें। अगर सही तरीके से छोटी-छोटी चीज़ें जोड़ी जाएं, तो कमरा बिना भरा-भरा लगे भी बहुत आकर्षक दिख सकता है। आइए जानते हैं, ऐसे 7 आसान तरीके, जो आपके कमरे को सादा, साफ और स्टाइलिश बना सकते हैं।
लकड़ी का इस्तेमाल-

कमरे में लकड़ी का इस्तेमाल करने से एक अलग ही सुकून और अपनापन महसूस होता है। लकड़ी का पलंग, बुनाई वाली दरी और सूती परदे कमरे को प्राकृतिक और शांत लुक देते हैं। दीवारों पर ईंट जैसा डिज़ाइन या पत्थर की हल्की फिनिश भी कमरे में गर्माहट जोड़ती है।
प्राकृतिक रोशनी को अंदर आने दें-

हल्के रंग जैसे क्रीम, हल्का भूरा या पीला रंग कमरे को खुला और शांत बनाते हैं। बड़ी खिड़कियों से आने वाली धूप कमरे को जीवंत बना देती है। इससे न सिर्फ कमरा बड़ा दिखता है, बल्कि मन भी अच्छा रहता है।
हल्के और मोटे पर्दों का मेल-

दिन में हल्के पर्दे रोशनी को अंदर आने देते हैं, जबकि मोटे पर्दे तेज धूप और गर्मी को रोकते हैं। दोनों का साथ में इस्तेमाल करने से कमरा आरामदायक बना रहता है और रोशनी भी संतुलित रहती है।
साधारण रंग और बनावट अपनाएं-

मिनिमलिस्ट सजावट में ज्यादा रंगों की जगह हल्के और सादे रंगों का इस्तेमाल किया जाता है। फर्श या दीवारों पर हल्की बनावट जैसे संगमरमर की लकीरें कमरे को बिना ज्यादा सजावट के भी सुंदर बनाती हैं।
बारीक डिजाइन से लाएं खासियत-

फर्नीचर या अलमारी पर हल्की नक्काशी या डिज़ाइन कमरे को अलग पहचान देती है। जब रंग हल्के होते हैं, तब ये छोटी-छोटी डिजाइन और भी ज्यादा निखरकर सामने आती हैं।
साधारण लेकिन खूबसूरत लाइटिंग-

कमरे में लगाई गई लाइट भी सजावट का हिस्सा होती है। हल्की और सॉफ्ट रोशनी देने वाले लैम्प कमरे को आरामदायक और सुकून भरा बनाते हैं। ज्यादा तेज रोशनी की बजाय हल्की रोशनी बेहतर माहौल बनाती है।
दीवार में छोटे खाने बनाएं-

अगर जगह कम है, तो दीवार में छोटे-छोटे खाने बनाना बहुत काम का होता है। इनमें आप लैंप या छोटी सजावट की चीज़ें रख सकते हैं। इससे जगह भी बचती है और कमरा सुंदर भी लगता है।
ये भी पढ़ें- Honey vs Jaggery: क्या शहद और गुड़ भी बन रहे हैं लिवर के दुश्मन? नई स्टडी ने बढ़ाई चिंता
सादगी में ही असली सुंदरता-
कम सामान, हल्के रंग और सही सजावट के साथ आप अपने कमरे को एक शांत और सुंदर जगह बना सकते हैं। मिनिमलिस्ट स्टाइल हमें सिखाता है, कि ज़रूरत से ज्यादा चीज़ें नहीं, बल्कि सही चीज़ें ही असली खूबसूरती लाती हैं।
ये भी पढ़ें- क्या है Water Meditation? जो स्ट्रेस दूर करने के साथ मन की फिलिंग्स भी करता है कंट्रोल


