French Navigator Location Leaked: इज़राइल, अमेरिका और ईरान के बीच मिडिल ईस्ट में जंग का माहौल गरम है। इसी बीच फ्रांस की नेवी से एक ऐसी चूक सामने आई है, जिसने दुनियाभर के मिलिट्री एक्सपर्ट्स को हैरान कर दिया। एक फ्रांसीसी नाविक की रोज़ की सुबह की दौड़ ने अनजाने में मेडिटेरेनियन सी में तैनात फ्रांस के सबसे ताकतवर एयरक्राफ्ट कैरियर की रियल-टाइम लोकेशन पूरी दुनिया के सामने खोल दी और यह सब हुआ, सिर्फ एक स्मार्टवॉच और एक फिटनेस ऐप की वजह से।
35 मिनट की दौड़ और खुल गया राज़-
13 मार्च की सुबह फ्रांसीसी एयरक्राफ्ट कैरियर चार्ल्स डी गॉल के डेक पर एक नाविक अपनी रोज़ की मॉर्निंग रन पर निकला। उसने अपनी स्मार्टवॉच को फिटनेस ऐप से कनेक्ट किया और करीब 35 मिनट में सात किलोमीटर दौड़ा। लेकिन जो बात उसे नहीं पता थी वो यह थी, कि उसके फिटनेस ऐप की प्रोफाइल “पब्लिक” सेटिंग पर थी।
इसका मतलब यह हुआ, कि उसकी दौड़ का पूरा डेटा, जिसमें लोकेशन भी शामिल थी, रियल टाइम में ऑनलाइन पब्लिक हो रहा था। फ्रेंच पब्लिकेशन ले मोंड की रिपोर्ट के मुताबिक, उस वक्त युद्धपोत साइप्रस के पास और तुर्की की कोस्टलाइन के करीब से गुज़र रहा था।
यह घटना है क्यों अहम?
यह चूक ऐसे वक्त सामने आई, जब अमेरिका और इज़राइल के ईरान पर एयरस्ट्राइक के सिर्फ दो हफ्ते बाद का माहौल था और फ्रांस ने 3 मार्च को ही इस कैरियर की तैनाती का ऐलान किया था। फ्रांसीसी राष्ट्रपति एमानुएल मैक्रों खुद इस शिप पर विज़िट भी कर चुके थे। हालांकि चार्ल्स डी गॉल की मेडिटेरेनियन में मौजूदगी कोई छुपी बात नहीं थी, लेकिन किसी भी युद्धपोत की रियल-टाइम एग्जैक्ट लोकेशन का पब्लिक होना, खासकर क्राइसिस के दौरान एक बेहद संवेदनशील सिक्योरिटी लैप्स माना जाता है। इस बार बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह वाकया एक बड़ी चेतावनी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी गलतियां-
यह पहली बार नहीं है, जब फिटनेस ट्रैकिंग डेटा ने सीक्रेट को उजागर किया हो। इससे पहले भी दुनिया के कई देशों में फिटनेस ऐप्स के डेटा से वर्ल्ड लीडर्स की सिक्योरिटी टीम्स की मूवमेंट और मिलिट्री पैट्रोलिंग यूनिट्स की रुटीन का पता लगाया जा चुका है। एक्सपर्ट्स कहते हैं, कि मिलिट्री एनवायरमेंट में स्मार्टवॉच और फिटनेस ऐप्स जैसे कनेक्टेड डिवाइसेज़ का इस्तेमाल बेहद जोखिम भरा है।
ये भी पढ़ें- Vivo T5x 5G भारत में लॉन्च, दमदार बैटरी के साथ पावर बैंक का भी करता है काम और कीमत मात्र..
एक छोटी सेटिंग, बड़ा खतरा-
इस पूरे मामले की सबसे बड़ी आयरनी यह है, कि इतनी बड़ी सीक्रेट जानकारी सिर्फ एक “पब्लिक प्रोफाइल” सेटिंग की वजह से लीक हो गई। न कोई हैकिंग, न कोई जासूस बस एक नाविक की अनजान गलती।
ये भी पढ़ें- Instagram पर मेटा ने बंद किया End-to-End Encryption, जानिए कैसे होगा प्राइवेसी पर असर



