Honda Electric Car
    Photo Source - Google

    Honda Electric Car: दुनिया की बड़ी-बड़ी कार कंपनियां इलेक्ट्रिक गाड़ियों की दौड़ में जितनी तेजी से आगे बढ़ी थीं, उतनी ही तेजी से कुछ पीछे भी हट रही हैं। जापानी कार निर्माता Honda ने एक बड़ा फैसला लेते हुए, उत्तरी अमेरिका में तीन इलेक्ट्रिक गाड़ियों के विकास और बाजार में लाने की योजना रद्द कर दी है। यह फैसला सुनकर भले ही झटका लगे, लेकिन भारत के लिए एक अच्छी खबर भी साथ आई है।

    कौन सी तीन गाड़ियां हुईं रद्द?

    Honda ने जिन तीन इलेक्ट्रिक मॉडलों को बंद करने का फैसला किया है, उनमें Honda 0 SUV, Honda 0 Saloon और Acura RSX इलेक्ट्रिक शामिल हैं। कंपनी का कहना है, कि मौजूदा कारोबारी माहौल में इन गाड़ियों को बाजार में उतारने से लंबे समय तक घाटा होता रहता, इसलिए यह कदम उठाना जरूरी था।

    क्यों लिया Honda ने यह बड़ा फैसला?

    Honda के आधिकारिक बयान में कहा गया है, कि यह फैसला कंपनी की इलेक्ट्रिक रणनीति की नए सिरे से समीक्षा के बाद लिया गया है। अमेरिका में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग में आई कमी, सरकार की बदलती उत्सर्जन नीतियां और नए EV निर्माताओं खासकर उन कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जो सॉफ्टवेयर आधारित गाड़ियां बना रही हैं, इन सब कारणों ने Honda को यह कठोर फैसला लेने पर मजबूर किया।

    कितना होगा नुकसान?

    यह फैसला Honda की जेब पर भारी पड़ने वाला है। कंपनी ने माना है, कि रद्द किए गए EV प्रोजेक्ट्स और उनसे जुड़े निवेश पर बड़े पैमाने पर नुकसान उठाना पड़ेगा। कुल मिलाकर यह नुकसान 2.5 ट्रिलियन येन यानी करीब 1.45 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। इसमें परिचालन खर्च और विकास संपत्तियों से जुड़ा विशेष नुकसान दोनों शामिल हैं।

    ये भी पढ़ें- EV मार्केट में Royal Enfield की एंट्री! Flying Flea C6 जल्द होगी भारत में लॉन्च

    भारत के लिए राहत की खबर-

    अमेरिका में पीछे हटने के बावजूद Honda ने साफ किया है, कि उसकी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की रणनीति पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, बस प्राथमिकताएं बदली हैं और इस नई प्राथमिकता सूची में भारत का नाम सबसे ऊपर है। Honda ने भारत को एक बड़े और उभरते बाजार के रूप में चिह्नित किया है जहां वह अपनी गाड़ियों की रेंज और किफायती दामों पर खास ध्यान देगी। सबसे अहम बात, Honda 0 Alpha इलेक्ट्रिक मॉडल 2027 में भारत में लॉन्च होने की योजना अभी भी पूरी तरह बरकरार है।

    ये भी पढ़ें- सिर्फ ₹49,999 में Electric Scooter, TVS ने उतारा अब तक का सबसे सस्ता ईवी स्कूटर Orbiter V1

    यानी जहां एक तरफ अमेरिका में Honda के EV सपनों पर पानी फिर गया, वहीं भारत के लिए दरवाजा खुला है। अब देखना यह होगा, कि 2027 में Honda 0 Alpha भारतीय सड़कों पर कैसा जलवा दिखाती है।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।