Iran Oil Threat: मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष अब एक नए और खतरनाक मोड़ पर आ गया है। ईरान के क्रांतिकारी गार्ड ने मंगलवार को चेतावनी दी, कि अगर अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाई जारी रही, तो मध्य-पूर्व से तेल का एक भी लीटर नहीं निकलने दिया जाएगा। जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को देश मिटाने तक की धमकी दे डाली।
वो तंग रास्ता जिस पर टिकी है दुनिया की अर्थव्यवस्था-
ओमान और ईरान के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है। दुनिया का करीब 20 फीसदी तेल इसी रास्ते से गुजरता है। इस संघर्ष के दूसरे हफ्ते में प्रवेश करते ही यह जलमार्ग सबसे बड़े विवाद का केंद्र बन गया है। पहले से ही इस इलाके में व्यावसायिक जहाजरानी लगभग ठप हो चुकी है, जिससे तेल की आपूर्ति बाधित हुई है और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम आसमान छू रहे हैं।
ट्रंप की दो टूक-
सोमवार को CBS News से बातचीत में ट्रंप ने ईरान को सीधे शब्दों में चेताया। उन्होंने कहा, कि ईरान के पास जो कुछ भी था, वो दाग चुका है और अब अगर उसने कुछ भी गलत करने की कोशिश की तो उस देश का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। ट्रंप ने यह भी कहा, कि होर्मुज जलडमरूमध्य अभी खुला है।
लेकिन वो इसे अपने नियंत्रण में लेने के बारे में सोच रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच Truth Social पर लिखा था कि अगर ईरान ने होर्मुज से तेल की आवाजाही रोकने की कोशिश की तो उसे अब तक की तुलना में बीस गुना ज्यादा कड़ा जवाब मिलेगा।
ईरान की चेतावनी-
ट्रंप के इन बयानों से कुछ घंटे पहले ही ईरान के विदेश मंत्रालय ने होर्मुज से गुजरने वाले तेल टैंकरों को अत्यंत सावधानी बरतने की चेतावनी दी थी। ईरान के क्रांतिकारी गार्ड ने और भी सख्त लहजे में कहा, कि जब तक अमेरिका और इजराइल अपनी सैन्य कार्रवाई बंद नहीं करते, तब तक इस इलाके से तेल का एक लीटर भी नहीं जाने दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Fuel संकट बना काल, डिब्बे में Petrol भरने से मना किया तो पंप कर्मचारी को मार दी गोली
दुनिया के लिए क्यों खतरनाक है ये टकराव-
यह सिर्फ दो देशों की लड़ाई नहीं है। होर्मुज बंद होने का मतलब है पूरी दुनिया में तेल की भारी किल्लत, कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी और आम आदमी की जेब पर सीधा असर। भारत समेत दर्जनों देश अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इसी रास्ते पर निर्भर हैं। ऐसे में यह टकराव जितना लंबा खिंचेगा, दुनिया की अर्थव्यवस्था उतनी ही गहरी चोट खाएगी। फिलहाल दोनों पक्ष झुकने को तैयार नहीं हैं और दुनिया सांस रोककर इस खतरनाक खेल को देख रही है।
ये भी पढ़ें- आखिर कब थमेगी ईरान से जंग? ट्रंप ने बताया कैसे और कब लेंगे युद्ध खत्म करने का फैसला



