Israel Iran Conflict: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इज़राइल में ज़िंदगी थम सी गई है। मिसाइल के साइरन बजते हैं, लोग दौड़कर शेल्टर में छुपते हैं और फिर बाहर निकलने का इंतज़ार करते हैं। इसी दहशत के बीच एक नाम सोशल मीडिया पर चर्चा में आया सुचिस्मिता मुदुली बैरन, ओडिशा से ताल्लुक रखने वाली एक भारतीय वैज्ञानिक, जो फिलहाल इज़राइल के दक्षिणी शहर बीयरशेबा में अपने परिवार के साथ रहती हैं।
शनिवार को ईरान की तरफ से हुए ताज़े मिसाइल हमलों के बाद सुचिस्मिता ने Instagram पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो, उनके पति और दो बच्चे एक बम शेल्टर के अंदर बैठे दिखे और बाहर धमाकों की आवाज़ें गूंज रही थीं। उन्होंने लिखा, “शेल्टर में बंद हैं, एक-दूसरे को संभाल रहे हैं और बेहतर कल की उम्मीद कर रहे हैं।”
शेल्टर के अंदर की ज़िंदगी-
सुचिस्मिता ने अपने सोशल मीडिया अपडेट के ज़रिए शेल्टर की ज़िंदगी की एक छोटी सी झलक दुनिया के सामने रखी। एक वीडियो में पूरा परिवार ज़मीन पर बिछी चादर पर बैठकर डिस्पोज़ेबल प्लेट्स में खाना खाते दिखा, कोई ठाट-बाट नहीं, बस साथ रहने की तसल्ली। एक और वीडियो में बच्चे शेल्टर के अंदर बंक बेड पर लेटे नज़र आए।
लेकिन जो बात सबसे ज़्यादा दिल को छूती है वो है उनकी वो भावुक पोस्ट जिसमें उन्होंने नींद की बात की। उन्होंने लिखा, “इन दिनों नींद अलग ही तरह की है। हम पूरी तरह सोते नहीं, बस सतर्क रहते हैं, सुनते हैं, इंतज़ार करते हैं। बहुत थकान होती है, लेकिन एक मां के रूप में मेरे पास टूटने का ऑप्शन नहीं है। मैं हिम्मत चुनती हूं, सुकून चुनती हूं, उम्मीद चुनती हूं।” ये पंक्तियां पढ़कर कोई भी अंदर से हिल जाए।
ये भी पढ़ें- Viral Video: पार्क में आदमी ने महिला को मारे 30 से 40 थप्पड़, देखें वीडियो हो रहा वायरल
इज़राइल में बम शेल्टर-
बहुत कम लोग जानते हैं, कि इज़राइल में बम शेल्टर कोई आपात व्यवस्था नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा हैं। दशकों के संघर्ष और मिसाइल हमलों के खतरे की वजह से इज़राइली कानून में यह अनिवार्य है, कि हर रिहायशी इमारत, स्कूल, दफ्तर और सार्वजनिक जगह पर एक मज़बूत सुरक्षा कक्ष हो।
ये शेल्टर मिसाइलों, मलबे और यहां तक, कि रासायनिक हमलों से बचाव के लिए बनाए गए हैं। दुनिया के ज़्यादातर देशों में ऐसी सुविधा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं होती, लेकिन इज़राइल में यह व्यवस्था हर किसी की ज़िंदगी में शामिल है।
ये भी पढ़ें- Viral Video: ब्रज की होली में महिलाओं से छेड़छाड़ के वीडियो वायरल, बुरा न मानो की आड़ में..



