Delhi Meerut Namo Bharat: आज 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आखिरी 27 किलोमीटर के हिस्से का उद्घाटन करने जा रहे हैं। जिसका इंतज़ार लाखों यात्रियों को काफी वक्त से था। जैसे ही यह आखिरी हिस्सा खुलेगा, भारत को मिलेगा उसका पहला पूरी तरह चालू रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम और दिल्ली से मेरठ का वो थका देने वाला तीन घंटे का सफर सिमट जाएगा महज़ 58 मिनट में।
82 किलोमीटर लंबा सफर-
पूरा कॉरिडोर 82.15 किलोमीटर लंबा है, जिसमें से 70 किलोमीटर ऊपर से यानी पुल के ऊपर से गुज़रता है और 12 किलोमीटर ज़मीन के नीचे से। दिल्ली में करीब 14 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश में करीब 68 किलोमीटर का हिस्सा है। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत रही है 30,274 करोड़ रुपये। दुहाई और मोदीपुरम में दो रखरखाव केंद्र बनाए गए हैं। अभी तक न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक का 55 किलोमीटर का हिस्सा चालू था, आज उससे आगे की राह भी खुल जाएगी।
16 स्टेशन, हर एक का अपना अंदाज़-
नमो भारत कॉरिडोर पर कुल 16 स्टेशन हैं, जंगपुरा, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाज़ियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम। इनमें 13 पुल के ऊपर बने हैं, आनंद विहार और बेगमपुल ज़मीन के नीचे हैं और दुहाई डिपो सीधे ज़मीन पर है। हर स्टेशन का डिज़ाइन अलग और आधुनिक है, जो इसे एक खास यात्रा का अनुभव बनाता है।
रफ्तार ऐसी कि हवा भी पीछे रह जाए-
नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के लिए बनाई गई है, हालांकि यह आम तौर पर 90 और अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है। पूरा कॉरिडोर चालू होने के बाद ट्रेनें हर 10 मिनट पर मिलेंगी, जबकि अभी यह हर 15 मिनट पर आती है। सराय काले खां से मोदीपुरम तक का 82 किलोमीटर का पूरा सफर सिर्फ 58 मिनट में तय होगा, जबकि सड़क या आम ट्रेन से यही दूरी तीन घंटे तक ले लेती थी।
किराया हर जेब के हिसाब से-
नमो भारत का किराया दूरी के हिसाब से तय है। सामान्य श्रेणी में यह 20 रुपये से 150 रुपये तक है, जबकि प्रीमियम श्रेणी में 30 रुपये से 225 रुपये तक। हर ट्रेन का पहला डिब्बा प्रीमियम होता है, जिसमें मुलायम झुकने वाली सीटें, ज़्यादा जगह और चार्जिंग की सुविधा है। मिसाल के तौर पर, न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ का किराया सामान्य श्रेणी में 150 रुपये और प्रीमियम में 225 रुपये है। मेरठ शहर के अंदर छोटे सफर के लिए किराया न्यूनतम 20 रुपये से शुरू होता है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में आतंकी खतरे का अलर्ट, लाल किले के पास मंदिर को निशाना बना सकता है लश्कर-ए-तैयबा
नींव से लेकर आज तक का सफर-
इस परियोजना की नींव 8 मार्च 2019 को रखी गई थी। 20 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किलोमीटर का पहला हिस्सा खुला। मार्च 2024 में मोदी नगर नॉर्थ तक, अगस्त 2024 में मेरठ साउथ तक और जनवरी 2025 में न्यू अशोक नगर तक कॉरिडोर बढ़ता गया और आज वो दिन आ गया है, जब यह पूरा सपना हकीकत बन जाएगा।
ये भी पढ़ें- धर्म के नाम पर धरना देने वाले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का आरोप, कोर्ट ने दिए ये आदेश



