SBI Cyber Attack
    Photo Source - Google

    SBI Cyber Attack: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने बुधवार को बताया कि उसके कुछ ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर पाई गई है। बैंक ने शेयर बाज़ार को भेजी जानकारी में इस साइबर हमले की पुष्टि की है। आइए आसान भाषा में समझते हैं, कि पूरा मामला क्या है और ग्राहकों को क्या ध्यान रखना चाहिए।

    क्या है पूरा मामला?

    SBI के मुताबिक 16 अक्टूबर 2026 को उसे तीन जगहों से अलर्ट मिला: उसकी थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस देने वाली कंपनी, डिफेंस साइबर एजेंसी और CERT-In (भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी)। अलर्ट में कहा गया था कि बैंक के ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर सामने आया हो सकता है।

    डार्क वेब इंटरनेट का वो छिपा हुआ हिस्सा है, जहां चोरी किया गया डेटा अक्सर बेचा या शेयर किया जाता है।

    कितना डेटा लीक हुआ?

    शुरुआती जांच में डार्क वेब पर करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड मिले। इनकी जाच करने पर इनमें से 3,897 ग्राहकों के रिकॉर्ड में निजी जानकारी (PII) पाई गई।

    बैंक के अनुसार लीक हुई जानकारी में ये चीज़ें बताई गई हैं:-

    • रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर
    • जन्म तारीख़
    • नाम और लिंग
    • ईमेल पता
    • घर का पता
    • ब्रांच और CIF नंबर (ग्राहक की पहचान संख्या)
    • लीड ID और लोन या लीड से जुड़ी फ़ाइलों की जानकारी

    बैंक ने क्या कदम उठाए?

    बैंक का कहना है, कि डेटा की सच्चाई, उसके स्रोत और असर का पता लगाने के लिए गहरी जांच ज़रूरी थी, इसलिए:

    • बैंक ने तुरंत अपना साइबर इंसीडेंट रिस्पांस और रोकथाम का सिस्टम चालू किया।
    • जांच के लिए CERT-In से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को लगाया गया।
    • पूरी जांच अभी चल रही है और ज़रूरी सुधार और बचाव के कदम उठाए जा रहे हैं।
    • बैंक हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और नियमों के हिसाब से कदम उठा रहा है।

    क्या बैंक के कामकाज पर असर पड़ा?

    SBI ने साफ़ कहा है, कि इस घटना का बैंक के मुख्य कामकाज, कमाई और सेवाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। बैंक की सभी ज़रूरी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।

    हालांकि जानकारों की चिंता कुछ और है। उनका कहना है, कि इससे ग्राहकों के डेटा की सुरक्षा, बैंक की साइबर सुरक्षा व्यवस्था और बैंक की साख पर सवाल उठ सकते हैं।

    ये भी पढ़ें- ₹35,000 के बजट में कौन सा फोन है बेस्ट? ये 5 स्मार्टफोन हैं धांसू ऑप्शन

    ग्राहकों को क्या सावधानी रखनी चाहिए?

    ऐसे मामलों में ठग लीक हुई जानकारी का इस्तेमाल धोखाधड़ी के लिए कर सकते हैं। इसलिए ये बातें याद रखें:

    • OTP, PIN, CVV या पासवर्ड किसी को न बताएं, चाहे फ़ोन करने वाला खुद को बैंक वाला ही क्यों न बताए।
    • अनजान लिंक, SMS या ईमेल पर क्लिक न करें।
    • अपने नेट बैंकिंग और ऐप का पासवर्ड बदल लें।
    • खाते के SMS अलर्ट चालू रखें और हर लेन-देन पर नज़र रखें।
    • कोई संदिग्ध लेन-देन दिखे तो तुरंत बैंक को बताएं या 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) पर शिकायत करें।
    • बैंक की ओर से कोई आधिकारिक सूचना आए तो उसी पर भरोसा करें।

    ये भी पढ़ें- iPhone Pro Max पर ₹20,000 की छूट, जानिए कैसे उठाएं डील का फायदा

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।