Nepal Airlines: एक नक्शा, एक पोस्ट और फिर पूरे सोशल मीडिया पर हंगामा, यही हुआ नेपाल एयरलाइंस के साथ। एयरलाइन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक नेटवर्क मैप शेयर किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था। भारतीय यूज़र्स ने इसे तुरंत पकड़ा और विरोध शुरू हो गया। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई और एयरलाइन को भारी आलोचना झेलनी पड़ी।
विवाद बढ़ा तो हटाई पोस्ट-
सोशल मीडिया पर विरोध की लहर देखते ही नेपाल एयरलाइंस ने तुरंत वह पोस्ट डिलीट कर दी। इसके बाद एयरलाइन ने एक आधिकारिक माफीनामा जारी किया। बयान में कहा गया, “हम हाल ही में अपने सोशल मीडिया चैनलों पर शेयर किए गए नेटवर्क मैप में हुई, गलती के लिए हार्दिक माफी मांगते हैं। इस नक्शे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर गंभीर कार्टोग्राफिक अशुद्धियां थीं, जो न तो नेपाल की आधिकारिक स्थिति को दर्शाती हैं और न ही नेपाल एयरलाइंस की।”
We sincerely apologize for error in the network map recently shared on our social media channels. The map contained significant cartographic inaccuracies regarding international boundaries that do not reflect the official stance of Nepal or Nepal Airlines. pic.twitter.com/E5MZSS8CjQ
— Nepal Airlines🇳🇵 (@NepalAirlinesRA) April 30, 2026
क्षेत्र में हमारे पड़ोसियों से मज़बूत रिश्ते-
नेपाल एयरलाइंस ने अपने बयान में यह भी कहा, कि पोस्ट को तुरंत हटा दिया गया है और आंतरिक समीक्षा शुरू की गई है, जिससे भविष्य में ऐसी गलतियां न दोहराई जाएं। एयरलाइन ने कहा, “हम क्षेत्र में अपने पड़ोसियों और मित्रों के साथ अपने मज़बूत संबंधों को बेहद महत्व देते हैं और खेद है कि इस पोस्ट से किसी को भी ठेस पहुंची।”
ये भी पढ़ें- इस देश में LPG गुब्बारों में भरकर घरों में स्टोर कर रहे लोग, बड़ा हादसा होने का खतरा
यह पहली बार नहीं-
जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से दिखाना कोई नई बात नहीं है। दुनिया भर में कई कंपनियां और संस्थाएं इस तरह की गलती कर चुकी हैं और हर बार भारत की तरफ से कड़ी आपत्ति दर्ज होती है। भारत का स्पष्ट रुख है, कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और किसी भी नक्शे में इसे अलग दिखाना पूरी तरह गलत और अस्वीकार्य है। नेपाल एयरलाइंस का यह मामला एक बार फिर याद दिलाता है, कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर साझा की गई हर चीज़ को बेहद सावधानी से जांचा जाना चाहिए खासकर तब जब बात अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की हो।
ये भी पढ़ें- India–New Zealand फ्री ट्रेड डील, जानिए कैसे होगा पढ़ाई, नौकरी और खरीदारी में फायदा



