Overeating on Holi: होली का त्योहार रंगों के साथ-साथ स्वादिष्ट पकवानों के लिए भी जाना जाता है। गुजिया, दही भल्ले, कचौड़ी, चिप्स और मिठाइयों के बीच कब जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं, पता ही नहीं चलता। त्योहार की खुशी में हम अपने पेट का ख्याल रखना भूल जाते हैं और फिर कुछ घंटों बाद पेट भारी होना, गैस, एसिडिटी और बेचैनी शुरू हो जाती है।
अगर आपके साथ भी ऐसा हो गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और देसी उपाय ऐसे हैं, जो आपको तुरंत राहत दिला सकते हैं। आइए जानते हैं, ऐसे ही पांच असरदार नुस्खों के बारे में, जो होली के बाद आपके पेट को आराम देंगे।
गुनगुना पानी और नींबू का कमाल-
ओवरईटिंग के बाद सबसे आसान उपाय है गुनगुना पानी पीना। अगर इसमें कुछ बूंदें नींबू की मिला लें, तो और भी बेहतर। यह आपके पाचन तंत्र को एक्टिव करता है और पेट में जमा भारीपन को कम करने में मदद करता है। सुबह या ओवरईटिंग के तुरंत बाद एक गिलास गुनगुना नींबू पानी काफी राहत देता है।
अजवाइन और काला नमक देगा झटपट आराम-
हमारे किचन में मौजूद अजवाइन पेट की दवा से कम नहीं है। आधा चम्मच अजवाइन में चुटकी भर काला नमक मिलाकर गुनगुने पानी के साथ लेने से गैस और अपच में तेजी से राहत मिलती है। यह तरीका दादी-नानी के जमाने से चला आ रहा है और आज भी उतना ही कारगर है।
हल्की वॉक है जरूरी-
त्योहार के दिन अक्सर हम खाना खाकर सीधे बैठ जाते हैं या लेट जाते हैं। यही सबसे बड़ी गलती होती है। ओवरईटिंग के बाद कम से कम 15 से 20 मिनट की हल्की वॉक जरूर करें। इससे खाना पचने में मदद मिलती है और पेट में गैस बनने की संभावना कम हो जाती है।
सौंफ चबाना न भूलें-
खाने के बाद सौंफ चबाना सिर्फ माउथ फ्रेशनर नहीं, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद है। एक चम्मच सौंफ धीरे-धीरे चबाने से पेट की जलन और भारीपन कम होता है। चाहें तो सौंफ का पानी बनाकर भी पी सकते हैं, इससे भी तुरंत आराम मिलता है।
दही या छाछ का सहारा-
अगर तला-भुना ज्यादा खा लिया है, तो दही या छाछ का सेवन करें। छाछ में थोड़ा भुना जीरा और काला नमक मिलाकर पीने से पेट ठंडा रहता है और पाचन बेहतर होता है। यह गैस और एसिडिटी दोनों में फायदेमंद है।
ये भी पढ़ें- Holi पर कम तेल वाले नाश्ते! बेक्ड मठरी से रोस्टेड चना तक, स्वाद भी, सेहत भी
त्योहार में संतुलन भी जरूरी-
होली साल में एक बार आती है, इसलिए पकवानों का आनंद लेना गलत नहीं है। लेकिन अपने शरीर की लिमिट को समझना भी जरूरी है। अगर बार-बार ओवरईटिंग की समस्या होती है, तो खाने की मात्रा पर कंट्रोल रखना और बीच-बीच में पानी पीना बेहतर रहेगा।
त्योहार की मस्ती तब तक ही अच्छी लगती है, जब तक सेहत साथ दे। इसलिए इस होली रंगों के साथ सेहत का भी ध्यान रखें। अगर ज्यादा खा लिया है, तो इन आसान घरेलू उपायों से तुरंत राहत पाएं और फिर से त्योहार का आनंद लें।
ये भी पढ़ें- Universe सुनेगा आपकी हर इच्छा, ज़िंदगी में खुशहाली और चमत्कार लाने के 6 आसान मंत्र



