LPG Cylinder Price Hike
    Photo Source - Google

    LPG Cylinder Price Hike: अगर आप सोच रहे थे, कि महंगाई से थोड़ी राहत मिलेगी, तो यह खबर आपको झटका देगी। 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। Indian Oil Corporation की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ा दी गई है। यानी अब दिल्ली में जो सिलेंडर 853 रुपये में मिलता था, वो 913 रुपये का हो गया है। रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने वाला है।

    आपके शहर में कितना महंगा हुआ सिलेंडर?

    हर शहर में LPG की कीमत अलग होती है, क्योंकि राज्य सरकारें अपना VAT और स्थानीय टैक्स अलग-अलग लगाती हैं। मुंबई में सिलेंडर की कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में 879 रुपये की जगह अब 930 रुपये देने होंगे, जबकि चेन्नई में दाम 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गए हैं। यानी देश के हर कोने में रसोई गैस का बोझ थोड़ा और भारी हो गया है।

    क्यों बढ़े दाम क्या है वजह?

    तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया, कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इसी का असर भारत में भी दिख रहा है। हालांकि अधिकारियों का यह भी कहना है, कि पड़ोसी देशों के मुकाबले भारत में अभी भी रसोई गैस की कीमतें कम हैं। यह पिछले 11 महीनों में दूसरी बार है, जब LPG के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले अप्रैल 2024 में घरेलू सिलेंडर 50 रुपये महंगा हुआ था।

    उज्ज्वला योजना वालों को मिलती रहेगी राहत-

    जिन परिवारों को Pradhan Mantri Ujjwala Yojana के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं। 2016 में शुरू हुई इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ से ज्यादा घरों को जोड़ा जा चुका है। इन लाभार्थियों को हर साल 12 सिलेंडर तक 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलती रहेगी। यानी गरीब तबके को इस बढ़ोतरी से कुछ हद तक बचाने की कोशिश की गई है।

    ये भी पढ़ें- Ganga Expressway तैयार, मेरठ से प्रयागराज सिर्फ 6 घंटे में, जानिए कब से दौड़ेंगी गाड़ियां

    होटल और रेस्तरां वाले भी परेशान-

    सिर्फ घर की रसोई ही नहीं, बाहर खाना भी अब और महंगा हो सकता है। होटलों और रेस्तरांओं में इस्तेमाल होने वाले 19 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये का इजाफा किया गया है। दिल्ली में अब एक कमर्शियल सिलेंडर 1,883 रुपये का पड़ेगा। इससे पहले 1 मार्च को भी 28 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी थी। इस साल अब तक कमर्शियल LPG के दाम कुल 302.50 रुपये बढ़ चुके हैं, जो छोटे व्यापारियों और ढाबा मालिकों की कमर तोड़ने के लिए काफी है।

    ये भी पढ़ें- India में अभी नहीं बढ़ेंगे तेल के दाम, खाड़ी देशों को छोड़ भारत ने खोजे तेल के नए रास्ते

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।